कांग्रेस को एक बार फिर से चोट पहुंची है। गोवा में पार्टी के 11 में से 8 विधायकों ने बुधवार को पार्टी छोड़ दी है। सभी विधायक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ विधानसभा पहुंचे असैर स्पीकर रमेश तावड़कर को कांग्रेस से अलग होने की चिट्ठी सौंप दी। इसके तुरंत बाद गोवा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद तनवड़े ने सभी विधायकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस छोड़ने वाले विधायकों में गोवा के पूर्व सीएम दिगंबर कामत, माइकल लोबो, देलिया लोबो, केदार नाइक, राजेश फलदेसाई, एलेक्सो स्काइरिया, संकल्प अमोलकर और रोडोल्फो फर्नांडिस शामिल हैं। बागी विधायकों की संख्या पार्टी के कुल विधायकों की संख्या के दो-तिहाई से ज्यादा है। इस वजह से इन विधायकों पर दल-बदल कानून लागू नहीं होगा।
भारत जोड़ो यात्रा से डरी भाजपा- कांग्रेस
गोवा में टूट के बाद कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा भारत जोड़ो यात्रा से डर गई है इसीलिए ही ऑपरेशन कीचड़ करने में जुटी है। उन्होंने अपने साेशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि भाजपा सिर्फ तोड़ सकती है। वहीं कांग्रेस प्रभारी दिनेश गुंडूराव ने लिखा है कि पैसे और सत्ता के दम पर लोकतांत्रिक सिद्धांतों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।